ब्रिटिश पत्रिका ‘फ्लाइटग्लोबल’ की हाल ही में जारी वर्ल्ड एयर फोर्सेज़ डायरेक्टरी, जिसे सिरियम के सैन्य विमान बेड़े के डेटाबेस के आधार पर तैयार किया गया है, के मुताबिक़, भारत के सक्रिय रफाल लड़ाकू विमानों की कुल संख्या घटाकर 32 कर दी गई है. भारत ने फ्रांस से 36 रफाल लड़ाकू विमान खरीदे थे.
नई दिल्ली: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हुई भीषण हवाई झड़पों के 18 महीने बाद अंतरराष्ट्रीय रक्षा निगरानी से जुड़े आंकड़ों ने भारतीय वायुसेना (आईएएफ) की परिचालन तैयारियों और अग्रिम मोर्चे पर तैनात विमानों की संख्या पर एक बार फिर सवाल खड़े किए हैं.
ब्रिटिश पत्रिका ‘फ्लाइटग्लोबल’ की हाल ही में जारी वर्ल्ड एयर फोर्सेज डायरेक्टरी के मुताबिक, जिसे सिरियम (Cirium) के सैन्य विमान बेड़े के डेटाबेस के आधार पर तैयार किया गया है, भारत के सक्रिय रफाल लड़ाकू विमानों की कुल संख्या घटाकर 32 कर दी गई है.
यह संशोधित आंकड़ा फ्रांस से 36 रफाल लड़ाकू विमान खरीदने के भारत के विवादास्पद सौदे से काफी अलग है. मई 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच हुई हवाई झड़प के बाद ‘फ्लाइटग्लोबल’ के 2026 संस्करण में, जो 2025 के आखिर में प्रकाशित हुआ था, भारतीय वायुसेना के सक्रिय रफाल विमानों की संख्या 36 से घटाकर 35 कर दी गई थी.
इसमें एक विमान के नुकसान की पुष्टि हुई थी, जबकि पाकिस्तान की ओर से अन्य विमानों को मार गिराने के व्यापक दावों को अपुष्ट माना गया था. हालांकि, ‘सिरियम’ के विश्लेषकों द्वारा तैयार किए गए ताजा आंकड़े परिचालन बेड़े (operational fleet) के नए सिरे से किए गए आकलन की ओर इशारा करते हैं.
चार दिनों तक चले सैन्य तनाव के दौरान हुए विमानों के नुकसान को लेकर नई दिल्ली और इस्लामाबाद के आधिकारिक दावों में काफी अंतर है. हालांकि, सिरियम जैसे ओपन-सोर्स विमान बेड़े पर नजर रखने वाले संस्थान अक्सर उस स्थिति में सावधानी बरतते हुए विमानों की संख्या कम कर देते हैं, जब एक साल के दौरान खुले स्रोतों से मिली खुफिया जानकारियां, कूटनीतिक रिपोर्ट, सैटेलाइट तस्वीरें या युद्ध में विमान गिराए जाने के अपुष्ट दावे सामने आते रहते हैं.
इसी तरह, इसी डायरेक्टरी ने पाकिस्तान के बेड़े से दो ‘साब 2000 एरीआई (Saab 2000 Erieye) AEW&C’ विमानों को कम करके, उनकी संख्या 9 से घटाकर 7 कर दी है.
सिरियम सार्वजनिक रूप से देखे गए विमानों, फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा और रक्षा संबंधी रिपोर्ट्स के आधार पर प्रत्येक विमान के अलग-अलग टेल नंबर के स्तर पर उसके बेड़े की स्थिति पर नजर रखता है. यदि किसी विमान को फ्रांस या भारत में लंबे समय तक चलने वाले डिपो-स्तरीय ओवरहॉल, ढांचागत मरम्मत या अपग्रेड के लिए भेज दिया जाता है और 12 महीने की अवधि में उसके किसी सक्रिय स्क्वाड्रन में शामिल होने की पुष्टि करने वाला कोई साक्ष्य नहीं मिलता, तो सिरियम के ऑटोमेटेड डेटाबेस उसकी स्थिति को ‘सेवा में/सक्रिय’ (In Service/Active) से बदलकर ‘स्टोरेज/रखरखाव’ (In Storage/Maintenance) कर देता है.
इस वजह से वह विमान अस्थायी रूप से ‘सक्रिय’ विमानों की सूची से बाहर हो जाता है.
ये सूचियां सरकारी तौर पर जारी किए गए आधिकारिक आंकड़े नहीं, बल्कि एक अनुमानित आधार हैं. इनमें दिखने वाले छोटे-मोटे उतार-चढ़ाव अक्सर विमान विश्लेषकों द्वारा अपनाई गई सावधानीपूर्वक डेटा प्रबंधन नीति को दर्शाते हैं. इनमें न तो विमानों के सीरियल नंबर दिए जाते हैं और न ही यह बताया जाता है कि किसी विमान को कुल संख्या से बाहर रखने की वजह क्या है.
उदाहरण के लिए, एक सूची में भारतीय वायु सेना के पास 263 एसयू-30एमकेआई (263 Su-30MKI) विमान दर्ज हैं, जबकि उसे कुल 272 विमान मिले थे और इनमें से 14 दुर्घटनाओं में नष्ट हो चुके हैं. इस हिसाब से बेड़े में रूसी मूल के 258 लड़ाकू विमान होने चाहिए.
भारत ने शुरुआत में कुल 36 रफाल विमान खरीदे थे. इनमें 28 एक सीट वाले ईएच (EH) और आठ दो सीट वाले डीएच (DH) विमान शामिल थे. नई दिल्ली भारतीय वायुसेना के लिए फ्रांस से 114 और रफाल लड़ाकू विमान खरीदने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा रही है. इसके अलावा, भारतीय नौसेना के लिए 26 रफाल विमानों का अलग सौदा 2025 में हुआ था.
Source: The Wire

