यरुशलम: फिलिस्तीनी जनता के आत्मनिर्णय के अधिकार का समर्थन करते हुए भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में फिलिस्तीन से जुड़े चार प्रस्तावों के पक्ष में मतदान किया है।

193 सदस्यीय संयुक्त राष्ट्र महासभा में बुधवार को इन प्रस्तावों पर मतदान हुआ। फिलिस्तीनी जनता के आत्मनिर्णय के अधिकार से जुड़े प्रस्ताव का भारत ने समर्थन किया। इस प्रस्ताव के पक्ष में 162 देशों ने वोट दिया, जबकि 8 देशों ने विरोध में मतदान किया और 8 देश मतदान से दूर रहे।

इसके अलावा, भारत ने फिलिस्तीनी शरणार्थियों के लिए काम करने वाली संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी UNRWA को जारी रखने और कब्जे वाले फिलिस्तीनी इलाकों में इजरायली बस्तियों को गैरकानूनी घोषित करने से जुड़े प्रस्तावों का भी समर्थन किया।

UNRWA की गतिविधियों को जारी रखने से संबंधित प्रस्ताव के पक्ष में भी भारत ने मतदान किया। इस प्रस्ताव में एजेंसी के कामकाज को जारी रखने की जरूरत पर जोर दिया गया है।

प्रस्ताव में फिलिस्तीनी शरणार्थियों को आपातकालीन सहायता समेत तमाम जरूरी सेवाएं बिना किसी रुकावट के उपलब्ध कराने की अहमियत भी बताई गई है।

इस प्रस्ताव के पक्ष में 143 देशों ने मतदान किया, जबकि इजरायल और अमेरिका समेत 9 देशों ने इसके विरोध में वोट दिया। वहीं, 20 देश मतदान से दूर रहे।

इसके अलावा, भारत ने फिलिस्तीनी शरणार्थियों की संपत्ति और उनकी आमदनी से जुड़े प्रस्ताव का भी समर्थन किया।