खानापुर में अवैध स्पिरिट तस्करी का भंडाफोड़: 14 हज़ार लीटर स्पिरिट ज़ब्त, 35 लाख से ज़्यादा का माल कब्जे में
बेलगावी ज़िले के खानापुर तालुका में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध स्पिरिट तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। आधी रात चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन में अधिकारियों ने शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली भारी मात्रा में स्पिरिट और एक ट्रक ज़ब्त किया है। मामले में ट्रक चालक को हिरासत में लेकर जांच तेज कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, 19 मई की तड़के करीब 3:45 बजे खानापुर तालुका के जांबोटी से कनकुंबी जाने वाले मार्ग पर आबकारी अधिकारियों ने छापेमारी की। इस दौरान अशोक लेलैंड की छह पहिया लॉरी (KA-22-3793) से गैरकानूनी तरीके से ले जाई जा रही लगभग 14,000 लीटर स्पिरिट बरामद की गई।
मामले में मैसूर ज़िले के नंजनगुड तालुका के हेग्गिनवालु गांव निवासी सिद्धराजू पुट्टस्वामी शेट्टी (47) को बीएनएसएस अधिनियम 2023 की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी कर आगे की जांच के लिए उपस्थित रहने को कहा गया है। वहीं वाहन के असली मालिक की तलाश भी जारी है।
आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और उप-अधीक्षक रवि एम. मुरगोड की अगुवाई में इंस्पेक्टर मंजुनाथ मेट्टगेरी ने मामला दर्ज किया। कार्रवाई में 14 लाख रुपये की स्पिरिट, 21 लाख रुपये की लॉरी और चालक का मोबाइल फोन समेत कुल 35,01,500 रुपये की संपत्ति ज़ब्त की गई है।

