बेलगावी में राशन तक़सीम का सर्वर मसला अब संगीन सूरत अख्तियार कर चुका है। महीने की शुरुआत से ही सर्वर ठप होने की वजह से गरीबों को राशन और अनाज नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोग परेशान हैं। इसी के खिलाफ जिले के फेयर प्राइस शॉप मालिकों ने आज बेलगावी जिलाधिकारी कार्यालय के सामने जोरदार एहतिजाज किया।
बेलगावी जिले के फेयर प्राइस शॉप मालिकों ने प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी के जरिए सरकार को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस महीने की शुरुआत से ही राशन दुकानों का सर्वर मसला बेहद गंभीर बना हुआ है। सर्वर सही तरीके से काम नहीं करने की वजह से गरीबों तक राशन नहीं पहुंच पा रहा। थंब ऑथेंटिकेशन के लिए लोगों को काफी वक्त इंतजार करना पड़ रहा है और सुबह से शाम तक राशन दुकानों के बाहर लंबी कतारों में खड़े रहने की नौबत आ गई है।
उन्होंने बताया कि जिले में अब तक सिर्फ 40 फीसदी चावल की तक़सीम हो पाई है, जबकि अभी 60 फीसदी चावल बांटना बाकी है। खाद्य विभाग की ओर से एक व्यक्ति का दो बार थंब लेने की व्यवस्था को भी अन्यायपूर्ण बताया गया। सर्वर की खराबी के कारण एक बार थंब लगना ही मुश्किल हो रहा है।
फेयर प्राइस शॉप मालिकों के प्रतिनिधि राजशेखर तलवार ने मांग की कि अगले महीने से सिर्फ एक बार थंब लेने की इजाजत दी जाए और जल्द से जल्द सर्वर मसले का हल निकाला जाए।
जिलाधिकारी ने ज्ञापन स्वीकार कर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। इस मौके पर बड़ी तादाद में फेयर प्राइस शॉप मालिक मौजूद थे।

