मतदाता सूची के विशेष व्यापक पुनरीक्षण और मैपिंग प्रक्रिया पर बेलगावी में अहम संयुक्त बैठक

मतदाता सूचियों के विशेष व्यापक पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) और मैपिंग प्रक्रिया के संबंध में आज बेलगावी के सुवर्ण विधान सौध में जिलाधिकारी मोहम्मद रोशन की अध्यक्षता में मीडिया प्रतिनिधियों और विभिन्न सियासी (राजनीतिक) दलों की एक अहम संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले के 18 विधानसभा क्षेत्रों में चल रही मतदाता मैपिंग प्रक्रिया की प्रगति और उसकी पारदर्शिता (Transparency) के बारे में जिलाधिकारी ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

सुवर्ण विधान सौध के कक्ष संख्या 354 में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मोहम्मद रोशन ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार जिले के सभी 18 निर्वाचन क्षेत्रों में मैपिंग प्रक्रिया शुरू की गई है। इस प्रक्रिया में वर्ष 2002 की मतदाता सूची को आधार मानते हुए यह जांच की जा रही है कि उस सूची में शामिल मतदाता वर्ष 2025 की मतदाता सूची में मौजूद हैं या नहीं।

उन्होंने बताया कि जिले में अब तक लगभग 93 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूरा हो चुका है और शेष क्षेत्रों में भी जल्द ही लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा। पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के मकसद से ही अधिकारियों और राजनीतिक दलों की यह संयुक्त बैठक बुलाई गई है।

इस दौरान जिलाधिकारी ने उन नागरिकों के प्रति चिंता व्यक्त की जो मैपिंग प्रक्रिया से बाहर रह गए हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे लोगों के घर-घर जाकर बीएलओ (Booth Level Officers) अनिवार्य रूप से आवेदन पत्र उपलब्ध कराएं और उन्हें भरवाएं।

उन्होंने कहा कि आवेदकों को आवश्यक दस्तावेजों के माध्यम से यह साबित करना होगा कि वे भारतीय नागरिक हैं। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि देश का कोई भी मूल निवासी अपने मताधिकार (वोट देने के अधिकार) से वंचित न रहे। यह जिम्मेदारी केवल जिला प्रशासन की ही नहीं बल्कि सभी राजनीतिक दलों की भी है।

इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी विजय कुमार होनकेरी तथा संसाधन व्यक्ति एवं महानगर पालिका के राजस्व उप आयुक्त सिद्धू हुल्लोळी भी मौजूद थे।