धारवाड़: धारवाड़ जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल मिलने से शुक्रवार को कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा तथा एहतियात के तौर पर अदालत की कार्यवाही कुछ समय के लिए रोक दी गई।

पुलिस ने कोर्ट कर्मचारियों और मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर पूरे परिसर की सघन तलाशी ली। अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले भी धारवाड़ जिला अदालत को इसी तरह की ई-मेल धमकी मिल चुकी है।

धमकी भरा ई-मेल “Kurunanidhi.kundi@underworld dog 90” नामक आईडी से भेजा गया है। ई-मेल में दावा किया गया कि दोपहर 2 बजे अदालत परिसर में 23 सायनाइड गैस बम विस्फोट होंगे। साथ ही यह भी लिखा गया कि “कल जो हुआ वह सिर्फ एक परीक्षण था, आज जो होगा वह असली होगा।”

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अदालत परिसर के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में इसे फर्जी धमकी माना जा रहा है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से मामले की जांच कर रही हैं।