बेलगावी ज़िले में वोटर लिस्ट रिवीजन और डिजिटलीकरण प्रक्रिया को तेज़ी से पूरा करने के लिए डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद रोशन ने अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। प्रगति समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि रविवार रात तक सभी एन्यूमरेशन फॉर्म का 100 प्रतिशत वितरण हर हाल में पूरा होना चाहिए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और बीएलओ (BLO) के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
ज़िले में कुल 41 लाख 7 हज़ार एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए जाने हैं। पिछले चार–पांच दिनों में 11,99,757 फॉर्म (29.21 प्रतिशत) वितरित किए जा चुके हैं। फिलहाल ज़िले की कुल प्रगति लगभग 30 प्रतिशत है।
बैठक में विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा के दौरान यमनमर्दी में 37.78 प्रतिशत और कुडची–सदलगा क्षेत्र में 53,686 फॉर्म वितरित होने पर संतोष जताया गया। वहीं बेलगावी उत्तर में केवल 45,000 फॉर्म, निप्पाणी में 31 प्रतिशत, अथणी में 26 प्रतिशत और कागवाड़ में 22.23 प्रतिशत प्रगति होने पर डीसी ने नाराज़गी व्यक्त की।
डीसी मोहम्मद रोशन ने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में प्रगति धीमी है, वहां के सभी BLO और सुपरवाइज़र शनिवार और रविवार को अनिवार्य रूप से फील्ड में मौजूद रहकर फॉर्म वितरण और ऐप पर डेटा अपडेट का काम पूरा करें।
उन्होंने साफ़ कहा कि “डिजिटलीकरण नहीं आता” जैसी कोई दलील स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या हो तो तुरंत सुपरवाइज़र से समन्वय कर कार्य पूरा किया जाए। सभी अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

