बेलगावी शहर के पुलिस कमिश्नर कार्यालय के पास स्थित जिमखाना क्लब में मंगलवार रात सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई। रम्मी खेल रहे सुरेश जालगर की हत्या की नीयत से पांच बदमाशों के एक गैंग ने हमला किया। हालांकि सुरेश किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागने में कामयाब रहे।

जानकारी के मुताबिक, पांच आरोपी जिमखाना क्लब पहुंचे थे। इनमें से दो बाहर निगरानी कर रहे थे, जबकि तीन अंदर दाखिल हुए। आरोपियों ने पहले सुरेश जालगर के सिर पर पिस्तौल से हमला किया और फिर उन पर गोली चलाने की कोशिश की। लेकिन सुरेश ने खुद को छुड़ाकर वहां से भागकर अपनी जान बचा ली।

सुरेश के बाहर निकलने के बाद आरोपी भी क्लब से बाहर आए और दहशत फैलाने के लिए हवा में दो राउंड फायरिंग कर फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक खौफ का माहौल बना रहा।

घटना की जानकारी मिलते ही शहर के पुलिस कमिश्नर भूषण बोरसे मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। पुलिस ने सुरेश जालगर को हिरासत में लेकर कैंप पुलिस थाने में पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान सुरेश जालगर ने पुलिस को बताया, “मैंने पहले प्रफुल पाटिल पर फायरिंग की थी। उसी मामले का बदला लेने के लिए प्रफुल पाटिल के लोगों ने मेरी हत्या की कोशिश की है।”

इस संबंध में कैंप पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।