बेलगावी: भारत चुनाव आयोग और कर्नाटक के मुख्य चुनाव अधिकारी के निर्देश पर बेलगावी ज़िले में चल रही स्पेशल वोटर लिस्ट रिविज़न का काम तेज़ी से जारी है। ज़िला कलेक्टर और ज़िला चुनाव अधिकारी मोहम्मद रोशन ने बताया कि अब तक इस अभियान में 88 फ़ीसदी काम पूरा कर लिया गया है।

उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट में मौजूद ग़लतियों और कमियों को दूर करने का काम लगातार चल रहा है। साथ ही उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे इस प्रक्रिया में पूरा तआवुन (सहयोग) करें।

ज़िले की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में कुल 41 लाख 7 हज़ार वोटर्स दर्ज हैं। इनमें से अब तक 35 लाख 88 हज़ार 759 वोटर्स के एन्यूमरेशन फ़ॉर्म जमा कर उनका डिजिटलीकरण (Digitalization) और वेरिफिकेशन मुकम्मल कर लिया गया है।

इसके अलावा 5 लाख 13 हज़ार 786 वोटर्स को Absent, Shifted, Dead और Duplicate (ASDD) कैटेगरी में चिन्हित किया गया है। यह ASDD लिस्ट बीएलओ (BLO) के ज़रिए ज़िला और तालुका स्तर पर राजनीतिक पार्टियों के नुमाइंदों को दी गई है, ताकि उसका क्रॉस वेरिफिकेशन किया जा सके।

मोहम्मद रोशन ने बताया कि अब सिर्फ़ 4,455 मामलों का डिजिटलीकरण बाकी है, जिसे जल्द से जल्द पूरा करने के लिए ज़िला प्रशासन कार्रवाई कर रहा है।

उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट की मैपिंग और ग़लतियों को दुरुस्त करने के अभियान के तहत पहले लगभग 4.5 लाख त्रुटियां थीं, जिन्हें घटाकर अब 2 लाख 12 हज़ार तक लाया गया है।

डीसी के मुताबिक, पूरे कर्नाटक में बेलगावी ज़िले में सबसे कम 5.17 फ़ीसदी त्रुटियां दर्ज हैं और प्रशासन का मक़सद इसे और भी कम करना है।

उन्होंने साफ़ किया कि जिन वोटर्स के रिकॉर्ड में मैपिंग नहीं हुई है या किसी तरह की गड़बड़ी पाई गई है, उन्हें नोटिस जारी कर सुनवाई की जा रही है। यह किसी भी वोटर का नाम वोटर लिस्ट से हटाने (Delete) की कार्रवाई नहीं है, बल्कि सिर्फ़ नाम की स्पेलिंग, पता और मैपिंग जैसी तकनीकी ग़लतियों को दुरुस्त करने की प्रक्रिया है। इसलिए लोगों से अपील की गई है कि वे अफ़वाहों पर ध्यान न दें और इस प्रक्रिया में प्रशासन का पूरा सहयोग करें।