बेलगावी: उत्तराखंड में राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर के विरोध में बेलगावी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बेलगावी ग्रामीण और शहर कांग्रेस कमेटी की तरफ से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि उत्तराखंड के हल्द्वानी में एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम स्थल को ‘शुद्ध’ करने के नाम पर भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ताओं की ओर से दलित विरोधी और जातिवादी मानसिकता का प्रदर्शन किया गया। इसी के खिलाफ लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आवाज उठाई थी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इसके बाद उत्तराखंड पुलिस ने राहुल गांधी के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज कर दी।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता मल्लेश चौगले ने कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार के दबाव में राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाना भाजपा की मनुवादी और दलित विरोधी सोच को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि देशभर में छुआछूत की मानसिकता फैलाने और दलितों का अपमान करने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

वहीं कांग्रेस नेता राजा सलीम काशम्मनवर ने कहा कि संवैधानिक मूल्यों और दलितों का लगातार अपमान करने वालों को बचाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल किया जाना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार छुआछूत की मानसिकता को परोक्ष रूप से बढ़ावा दे रही है। इसी के खिलाफ आज जिलाधिकारी के जरिए राज्य और केंद्र सरकार तक विरोध और चेतावनी का संदेश पहुंचाया गया है।

इस मौके पर कांग्रेस के बड़ी तादाद में कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।