सुबह दस बजे तक आई ख़बरों के अनुसार, लोकप्रिय यूट्यूबर ध्रुव राठी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. सीजेपी ने बताया कि उसकी लीगल टीम की प्रमुख रत्ना सिंह को तीन और वकीलों के साथ हिरासत में लिया गया है. दिल्ली पुलिस द्वारा की जा रही हिरासत का सिलसिला शुक्रवार रात से जारी है. अब तक शहर से कम से कम एक हज़ार लोग हिरासत में लिए जा चुके हैं.
नई दिल्ली: शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के मद्देनज़र दिल्ली को पूरी तरह बंद कर दिया गया है. हालांकि, प्रदर्शनकारी फिर भी पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं.
सुबह दस बजे तक आई ख़बरों के अनुसार, लोकप्रिय यूट्यूबर ध्रुव राठी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. सीजेपी ने बताया कि उसकी लीगल टीम की प्रमुख रत्ना सिंह को तीन और वकीलों के साथ हिरासत में लिया गया है.
हालांकि, हिरासत का सिलसिला सुबह से नहीं बल्कि शुक्रवार रात से जारी है. इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, अब तक कम से कम एक हज़ार लोग हिरासत में लिए जा चुके हैं. मध्यरात्रि में करीब 12 बजे दिल्ली के दक्षिण पूर्व जिलेम खासकर शाहीन बाग के नजदीकी इलाके से कम से कम 250 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
मालूम रहे कि साल 2019 में यह क्षेत्र सीएए और एनआरसी के खिलाफ हुए प्रदर्शनों के केंद्र में रहा था.
यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में बुलाया गया है. प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने इंटरनेट और मेट्रो सेवाएं बंद कर दी हैं, सैकड़ों ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, छात्र और युवा नेताओं को हिरासत में लिया है, लोगों के घरों पर जाकर पूछताछ की है और सड़क मार्ग बंद कर दिए हैं.
उधर, समाचार एजेंसी एएनआई ने शनिवार सुबह साढ़े नौ के क़रीब यह जानकारी दी है कि दिल्ली पुलिस अब तक 500 लोगों को हिरासत में ले चुकी है. एजेंसी ने पुलिस के हवाले से बताया है कि समूहों में आ रहे करीब पांच सौ लोगों को अलग-अलग जगहों से डिटेन किया गया है. पुलिस ने कहा है कि ‘आपराधिक पृस्ठभूमि वाले 50 लोगों को भी उठाया गया है जिससे वे माहौल न ख़राब कर सकें.’
उल्लेखनीय है कि इस प्रदर्शन के मद्देनज़र नई दिल्ली को 20 ज़ोन में बांटा गया है और हर ज़ोन के लिए एक डिटेंशन सेंटर बनाया गया है. पुलिस ने बताया कि दिल्ली के सभी स्टेडियमों में भी डिटेंशन सेंटर बनाए गए हैं.

