एसोसिएशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ सिविल राइट्स (एपीसीआर) द्वारा जारी रिपोर्ट बताती है कि साल 2026 के पहले नौ महीनों में मुसलमानों और ईसाइयों के ख़िलाफ़ हेट क्राइम के 322 मामले दर्ज हुए, जिनमें से 119 मामलों में सरकारी संस्थाओं की भी भूमिका रही. रिपोर्ट यह भी बताती है कि 40 एफआईआर हमलों के पीड़ितों के विरुद्ध दर्ज की गईं, वहीं हत्याओं के 30 मामलों में से 20 में आरोपी अब भी आज़ाद घूम रहे हैं.

नई दिल्ली: एसोसिएशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ सिविल राइट्स (एपीसीआर) द्वारा मंगलवार (10 नवंबर) को जारी की गई दो रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2026 के पहले नौ महीनों में मुसलमानों और ईसाइयों के खिलाफ दर्ज 322 हेट क्राइम यानी नफरत से प्रेरित अपराधों में से 119 मामलों में सरकारी संस्थाओं की भी भूमिका रही. यह भूमिका या तो सीधे कार्रवाई करके थी या फिर हिंसा के दौरान कार्रवाई न करके.

रिपोर्ट बताती है कि इन हेट क्राइम के चलते हुई कुल 54 मौतों में से 21 लोगों की जान पुलिस या सेना की कार्रवाई में गई. निजी व्यक्तियों द्वारा किए गए हेट क्राइम, जिनमें किसी की मौत नहीं हुई, के कुल 94 मामलों में से सिर्फ 12 मामलों (13%) में गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है.

हेट क्राइम ट्रैकर में 1 जनवरी से 30 सितंबर तक 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मामले शामिल किए गए हैं. इसी अवधि के लिए जारी हेट स्पीच ट्रैकर में कम से कम 16 राज्यों में 57 लोगों द्वारा दिए गए नफरत भरे 83 भाषण दर्ज किए गए. इनमें से 33 भाषण ऐसे लोगों ने दिए, जो किसी सार्वजनिक पदों पर हैं.