नई दिल्ली: सऊदी अरब की राजधानी रियाद में एक गगनचुंबी इमारत पर हूतियों की ओर से किए गए ड्रोन हमले की भारत ने कड़ी निंदा की है और इस हमले को फौरन रोकने की मांग की है।

इस सिलसिले में विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, “हम सऊदी अरब की अवाम और हुकूमत के साथ अपनी मज़बूत एकजुटता को दोहराते हैं। सऊदी अरब की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और उसके नागरिकों व वहां रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयासों में भारत पूरी मज़बूती के साथ उसके साथ खड़ा है। हम दिल से उम्मीद करते हैं कि इस इलाके में जल्द से जल्द अमन और सामान्य हालात बहाल होंगे।”

मंगलवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाद में एक गगनचुंबी इमारत को निशाना बनाकर हूतियों ने ड्रोन हमला किया था। इस हमले में 11 लोग ज़ख्मी हुए हैं। घायलों में दो सऊदी नागरिक, दो भारतीय, तीन नेपाली और चार मिस्र के नागरिक शामिल हैं।

वहीं, हूती समर्थक मीडिया संस्थान अल-मसीरा टीवी ने बुधवार को खबर दी कि यमन की राजधानी सना में इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों को निशाना बनाकर सऊदी अरब के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना ने कई हवाई हमले किए हैं।