बेलगावी में आईटी और सेमीकंडक्टर पार्क की तैयारी
मंत्री प्रियांक खड़गे ने रोजगार और विकास के नए अवसरों का किया ऐलान
बेलगावी,
कर्नाटक सरकार ने राज्य के सीमावर्ती जिले बेलगावी में आईटी पार्क और सेमीकंडक्टर पार्क स्थापित करने का निर्णय लिया है, ताकि जिले की आर्थिक प्रगति को गति दी जा सके और बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकें। यह जानकारी ग्रामीण विकास, पंचायत राज, सूचना प्रौद्योगिकी और बायोटेक्नोलॉजी मंत्री प्रियांक खड़गे ने विधानसभा में प्रश्नोत्तर सत्र के दौरान दी।
इस दौरान विधायक अभय पाटिल ने बेलगावी में आईटी और सेमीकंडक्टर पार्क स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि यह कदम क्षेत्र को विकसित बनाएगा और शिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करेगा। मंत्री प्रियांक खड़गे ने जवाब में कहा कि सरकार ने इस परियोजना को लागू करने के लिए पहले ही आवश्यक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
उन्होंने बताया कि आईटी पार्क में “प्लग एंड प्ले” इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा, जिससे स्टार्टअप्स और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। इसमें हाई-स्पीड नेटवर्क, सीड फंड, टैक्स में छूट, समग्र विकास कार्यक्रम, भविष्य की तकनीकी परियोजनाएं, निपुण कर्नाटक, आइडिया टू पीओसी एलिवेट, राजीव गांधी उद्यमिता कार्यक्रम, महिलाओं के लिए एलिवेट योजना और ग्रासरूट इनोवेशन कार्यक्रम जैसे पहल शामिल होंगी।
बेलगावी में आईटी और सेमीकंडक्टर पार्क के लिए आवश्यक भूमि की वापसी को लेकर राज्य सरकार ने 8 जनवरी 2021 को भारत के रक्षा मंत्री को पत्र लिखा था। रक्षा मंत्रालय द्वारा अब तक भूमि वापस नहीं की गई थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव ने 21 सितंबर 2021 को पुनः पत्र लिखकर भूमि राज्य सरकार को सौंपने का अनुरोध किया था।
इसके अलावा, बेलगावी के तिलकवाड़ी क्षेत्र में स्थित कलामंदिर भवन को कर्नाटक डिजिटल इकोनॉमी मिशन (KDEM) के सहयोग से ग्लोबल टेक्नोलॉजी सेंटर (GTD) स्थापित करने के लिए संबंधित विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया जारी है।
मंत्री प्रियांक खड़गे ने कहा कि ये पहल बेलगावी को एक विकसित जिला बनाने और युवाओं को व्यापक रोजगार अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी, जिससे जिले की आर्थिक प्रगति को नई दिशा मिलेगी।







