बेलगाम में प्लास्टिक पर पाबंदी होने के बावजूद गैरकानूनी तरीके से इसका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ आज महानगर पालिका ने बड़ी कार्रवाई की। पालिका आयुक्त के सख्त आदेश के बाद अधिकारियों की टीम मैदान में उतरी और सिर्फ एक दिन में 80 हज़ार रुपये का जुर्माना लगाकर नियम तोड़ने वालों को बड़ा झटका दिया।

महानगर पालिका की हद में सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पर प्रतिबंध होने के बावजूद कई दुकानों और होटलों में इसका अवैध इस्तेमाल जारी था। इसी को देखते हुए पालिका आयुक्त के निर्देश पर पर्यावरण विभाग के सहायक कार्यपालक अभियंता हनुमंत कलादगी की अगुवाई में अधिकारियों की टीम ने शहर के प्रमुख कारोबारी इलाकों में अचानक छापेमारी की।

यह कार्रवाई बुरूड गली, रविवार पेठ की विभिन्न दुकानों और बॉक्साइट रोड स्थित प्रमुख होटलों में की गई। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मौके पर ही कुल 80,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया और भविष्य में प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।