कर्नाटक में सीएम चयन को लेकर जारी सियासी सस्पेंस कल तक खत्म होने की संभावना है। लोक निर्माण मंत्री सतीश जारकीहोली ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री पद, केपीसीसी अध्यक्ष और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अंतिम फैसला जल्द हो सकता है।

उन्होंने बताया कि केपीसीसी अध्यक्ष पद के लिए 2-3 नाम हाईकमान को भेजे गए हैं और अंतिम फैसला हाईकमान ही करेगा। केपीसीसी अध्यक्ष के साथ डिप्टी सीएम पद देने की मांग पर उन्होंने कहा कि पार्टी सभी पहलुओं पर विचार कर अंतिम निर्णय लेगी।

मंत्रिमंडल गठन पर सतीश जारकीहोली ने कहा कि नए और अनुभवी दोनों नेताओं को मौका मिलना चाहिए। पार्टी के भीतर की उलझनें अब काफी हद तक सुलझ चुकी हैं। समन्वय समिति को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह फैसला भी पार्टी नेतृत्व को ही करना है और इसके लिए कल तक इंतजार करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हर पार्टी में मंत्री बनने की चाहत रखना स्वाभाविक है, लेकिन संविधान के अनुसार मंत्रियों की संख्या 34 से ज्यादा नहीं हो सकती। विभागों में फेरबदल को लेकर भी अभी कुछ तय नहीं है। उन्होंने कहा, “पहले कप्तान तय हो जाए, उसके बाद आगे की गणित बनेगी।” साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के अंतिम फैसले का सभी नेताओं को सम्मान करना होगा।