कर्नाटक विधानसभा में भारी हंगामा
कांग्रेस का आरोप: राज्यपाल ने सरकार की जगह अपना भाषण पढ़ा

 

कर्नाटक में राज्य सरकार और राजभवन के बीच चल रहा विवाद गुरुवार को और बढ़ गया। विधानसभा के संयुक्त सत्र की शुरुआत में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने सरकार द्वारा तैयार किए गए भाषण के बजाय अपना खुद का भाषण पढ़ा और फिर सदन से बाहर चले गए।

कांग्रेस विधायकों का कहना है कि राज्यपाल ने मंत्रिमंडल के मसौदे को नजरअंदाज किया, जिससे सदन में अफरा-तफरी मच गई। यह संयुक्त सत्र मुख्यमंत्री सिद्धारमैया सरकार की नीतियों, खासकर मनरेगा और नए कानून से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए बुलाया गया था।

स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब भाषण के बाद राज्यपाल अचानक विधानसभा हॉल छोड़कर चले गए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बी.के. हरि प्रसाद ने उन्हें रोकने और सरकार का स्वीकृत भाषण पढ़ने का आग्रह किया, लेकिन राज्यपाल वापस नहीं लौटे।

बताया जा रहा है कि राज्यपाल को भाषण के 11 पैराग्राफ पर आपत्ति थी, जिनमें केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की गई थी। सरकार कुछ बदलाव को तैयार थी, लेकिन सभी पैराग्राफ हटाने की मांग को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने खारिज कर दिया।

वहीं भाजपा और जद(एस) ने राज्यपाल का समर्थन करते हुए कांग्रेस पर राजनीतिक आरोप लगाए।

इस घटनाक्रम से एक बार फिर केंद्र और राज्य के बीच अधिकारों और संविधान को लेकर बहस तेज हो गई है।

 

Source: Haqeeqat Time