बेलगावी के मालमारुति पुलिस ने पत्रकार बनकर एक महिला सरकारी अधिकारी को ब्लैकमेल करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कथित तौर पर हिडन कैमरों से अधिकारी के निजी वीडियो रिकॉर्ड कर उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर पैसे की मांग की थी। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस आयुक्त भुषण बोर्से ने गुरुवार सुबह आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अधिकारी के निवास में हिडन कैमरे लगाए, उनके निजी पलों का वीडियो रिकॉर्ड किया और वीडियो जारी करने की धमकी देकर धन उगाही की कोशिश की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर निसार अहमद शेख (32) निवासी जलाल गली, गोकाक; अब्दुल रशीद मकरंदर (51) निवासी गोकाक; और मोहम्मद बालेकुंदरी (43) निवासी घाटप्रभा, गोकाक के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 64 जीबी पेन ड्राइव, छह हिडन कैमरे, दो मेमोरी कार्ड और एक इनोवा कार जब्त की है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शुरुआत में ₹1 करोड़ की मांग की थी और तत्काल ₹50 लाख देने का दबाव बनाया। पीड़िता की शिकायत के बाद मालमारुति पुलिस थाने में मामला दर्ज कर सीपीआई बी.आर. गड्डेकर के नेतृत्व में विशेष टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपियों ने मामला दर्ज होने से रोकने के लिए सिस्टम पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने किसी भी दबाव में आए बिना सख्त कार्रवाई की। आयुक्त बोर्से ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और किसी बड़े ब्लैकमेल रैकेट की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, “फर्जी पत्रकार गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”